यूपी चुनाव से पहले सियासत गर्म, यूपी की जनता योगी आदित्यनाथ से नाराज?

डेस्क: कुछ समय पहले ही पश्चिम बंगाल सहित अन्य चार राज्यों में विधानसभा चुनाव पूरे हुए। अब 2022 में उत्तर प्रदेश और पंजाब सहित कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर धीरे-धीरे सियासत गर्म होती जा रही है।
विरोधी पार्टियां लगातार योगी आदित्यनाथ को दोबारा मुख्यमंत्री न बनने देने के लिए तरह-तरह के उपाय कर रहे हैं। एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने तो यह तक कह दिया कि चाहे कुछ भी हो जाए इस बार योगी को मुख्यमंत्री नहीं बनने देंगे।
भाजपा से नाराज है जनता: अखिलेश
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी यूपी चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है उनका कहना है कि भाजपा को इस बार जीत नहीं मिल सकती क्योंकि वह हर मोर्चे पर नाकाम है उनके अनुसार जनता में भाजपा के प्रति काफी नाराजगी है। उनका दावा है कि भाजपा जनता को कंफ्यूज करते-करते खुद ही कंफ्यूज हो चुकी है।
400 सीटों से जीते कि सपा
अखिलेश यादव का दावा है कि भाजपा के प्रति जनता में इतनी नाराजगी है कि वह पुनः सरकार में नहीं आ सकती। साथ ही उन्होंने यह भरोसा जताया कि विधानसभा चुनाव में सपा को 350 से 400 सीटों में जीत मिल सकती है। उन्होंने बताया कि चुनाव को नजदीक देख भाजपा केवल झूठे वादे कर रही है।
बसपा की भी शुरू हो चुकी तैयारी
बहुजन समाज पार्टी ने भी आने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए अपनी तैयारी शुरू कर दी है। बीते दिनों ही बसपा ने अयोध्या में ब्राह्मण सम्मेलन का आयोजन किया था जिसकी अध्यक्षता बसपा के राष्ट्रीय महासचिव और पार्टी के ब्राह्मण चेहरे सतीश चंद्र मिश्रा ने की।
चुनावी विशेषज्ञों की माने तो विधानसभा चुनाव से पहले यह ब्राह्मण वोट बैंक को रिझाने की कोशिश है। सूत्रों के अनुसार 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी ब्राह्मण सम्मेलनों की श्रृंखला का आयोजन कर सकती है।
योगी लड़ सकते अयोध्या से चुनाव
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ फिलहाल यूपी विधान परिषद के सदस्य हैं इनके कार्यकाल में अब ज्यादा दिन नहीं बचे। सूत्रों की मानें तो 2022 के विधानसभा चुनाव में योगी अयोध्या सीट से चुनाव में उतर सकते हैं। वहीं डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य कौशांबी की सिराथू सीट से चुनाव लड़ सकते हैं।