कांग्रेस से इस्तीफा देकर आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री किरण कुमार रेड्डी बीजेपी में हुए शामिल

डेस्क: कांग्रेस से इस्तीफा देने के हफ्तों बाद आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री किरण कुमार रेड्डी शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। ज्ञात हो कि 2 जून 2014 को तेलंगाना के गठन से पहले रेड्डी संयुक्त आंध्र प्रदेश के अंतिम मुख्यमंत्री थे।
कांग्रेस के कामकाज के तरीके पर तीखा हमला करते हुए रेड्डी ने एक प्रेस ब्रीफिंग में कहा, “वे सत्ता पर नियंत्रण चाहते हैं, लेकिन मेहनत नहीं करना चाहते और जिम्मेदारी नहीं चाहते।” बता दें कि रेड्डी केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधा।
पूर्व कांग्रेस नेता ने कहा, “वे नहीं जानते कि पार्टी को आगे बढ़ने के लिए किसे कौन सा काम सौंपा जाना चाहिए। एक सच्चा नेता वह होता है जो राज्य की समस्याओं को समझता है और समस्याओं को संबंधित नेताओं को सौंपता है ताकि वे राज्य में सुधार कर सकें।”
Former CM of Andhra Pradesh, Shri Kiran Kumar Reddy joins BJP at Party Headquarters in New Delhi. #JoinBJP https://t.co/3XhDcVIHB2
— BJP (@BJP4India) April 7, 2023
ऐसे बने थे रेड्डी CM
बता दें कि सितंबर 2009 में एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में वाई एस राजशेखर रेड्डी के निधन के बाद एक साल से अधिक समय तक कांग्रेस की कमान संभालने वाले 70 वर्षीय रोसैया के इस्तीफा देने के बाद रेड्डी को 25 नवंबर 2010 को आंध्रप्रदेश का मुख्यमंत्री नियुक्त किया गया था। रेड्डी के चयन ने उस समय कांग्रेस के कई अंदरूनी लोगों को चौंका दिया था क्योंकि वह कभी भी मंत्री नहीं रहे थे और एक बड़े नेता के रूप में नहीं जाने जाते थे।