खेल

टोक्यो ओलंपिक के बाद शुरू होने जा रहा है टोक्यो पैरालंपिक, जानिए कौन-कौन से खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

 

डेस्क: 23 जुलाई 2021 के दिन शुरू हुआ टोक्यो ओलंपिक 8 अगस्त 2021 के दिन समाप्त हो गया। इसमें देश के कुल 127 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया जिनमें से सात खिलाड़ियों ने पदक जीते और कई खिलाड़ी ऐसे भी रहे जिन्होंने काफी अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन वह पदक जीतने से चूक गए। फिर भी सभी खिलाड़ियों ने अपना बेहतरीन प्रदर्शन देकर देश का नाम रौशन किया है।

24 अगस्त से शुरू होगा टोक्यो पैरालंपिक 2020

टोक्यो ओलंपिक के बाद अब 24 अगस्त से 6 सितंबर 2021 तक टोक्यो पैरालंपिक का आयोजन होने वाला है। इसमें भी दुनिया भर से कई खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। टोक्यो ओलंपिक में भारत के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद सभी भारतीय पैरालंपिक खेलों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

43 भारतीय खिलाड़ी 9 खेलों में लेंगे हिस्सा

भारत के कुल 43 खिलाड़ी भी टोक्यो पैरालंपिक का हिस्सा बनेंगे। वह 9 खेलों में भाग लेंगे और उम्मीद है कि टोक्यो ओलंपिक की तरह इसमें भी काफी अच्छा प्रदर्शन करेंगे। इनमें तीरंदाजी, व्यायाम, बैडमिंटन, पैरा कैनोइंग, पावरलिफ्टिंग, शूटिंग, तैराकी, टेबल टेनिस और ताइक्वांडो शामिल है।

तीरंदाजी में भाग लेने वाले खिलाड़ी

हरविंदर सिंह और विवेक चिकारा टोक्यो पैरालंपिक में क्वालीफाई करने वाले भारत के पहले पुरुष बन गए हैं। इनके अलावा राकेश कुमार, श्यामसुंदर स्वामी, ज्योति बालियान भी टोक्यो पैरालंपिक के लिए क्वालीफाई हो गए हैं।

व्यायाम में भाग लेने वाले खिलाड़ी

टोक्यो पैरालंपिक में व्यायाम की प्रतिस्पर्धा के लिए स्टार भाला फेंक खिलाड़ी देवेंद्र झाझरिया और हाई जंप खिलाड़ी मरियप्पन थंगावेलू की अगुवाई में 24 सदस्यों की एक टीम गठित हुई है। यह टीम टोक्यो पैरालंपिक में व्यायाम प्रतिस्पर्धा में हिस्सा लेगी। इसमें रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर सैंडी संजय सागर जाएंगे।

बैडमिंटन में भाग लेने वाले खिलाड़ी

बैडमिंटन प्रतिस्पर्धा में प्रमोद भगत, मनोज सरकार तरुण ढिल्लों, कॉल परमार, पलक कोहली आदि खिलाड़ी क्वालीफाई हुए हैं।

पैरा कैनोइंग में भाग लेने वाले खिलाड़ी

टोक्यो पैरालंपिक में पैरा कैनोइंग के लिए प्राची यादव भारत की पैरा कैनो एथलीट के तौर पर टोक्यो जाएंगी। 2019 के आईसीएफ चैंपियनशिप में आठवें स्थान पर रहने के कारण वह पैरालंपिक के लिए क्वालीफाई हो सकी है।

पावर लिफ्टिंग में भाग लेने वाले खिलाड़ी

पावर लिफ्टिंग के लिए सकीना खातून और जयदीप देसवाल को चुना गया है। बता दें कि सकीना खातून पैरालंपिक में भाग लेने वाली देश की पहली महिला पावरलिफ्टर बनी जबकि जयदीप दूसरी बार पैरालंपिक का हिस्सा होने जा रहे हैं।

शूटिंग में भाग लेने वाले खिलाड़ी

2018 के वर्ल्ड शूटिंग पैराशूट वर्ल्ड कप में रजत पदक जीतने के बाद मनीष नरवाल और दीपेंद्र सिंह को पैरालंपिक के लिए चुना गया है। पैरालंपिक के लिए क्वालीफाई होने वाले यह दोनों पहले भारतीय पैरा पिस्टल शूटर बन गए हैं। इनके अलावा स्वरूप महावीर, दीपक सैनी, रुबीन फ्रांसिस और अवनी लेखारा भी उस टीम में शामिल होंगे।

तैराकी में भाग लेने वाले खिलाड़ी

निरंजन मुकुंदन और सुयश जाधव तैराकी के लिए पैरालंपिक 2020 में भाग लेने वाले भारतीय खिलाड़ी हैं।

टेबल टेनिस में भाग लेने वाले खिलाड़ी

भावना हसमुखभाई पटेल और सोनलबेन मधुभाई पटेल टेबल टेनिस के लिए क्वालीफाई करने वाली भारतीय खिलाड़ी हैं जो टोक्यो पैरालंपिक 2020 का हिस्सा बनेंगे।

ताइक्वांडो में भाग लेने वाले खिलाड़ी

ताइक्वांडो एक ऐसा खेल है जिसका भारत में प्रचलन काफी कम है। इसके लिए क्वालीफाई करने वाले केवल एकमात्र महिला भारतीय खिलाड़ी अरुणा तंवर हैं जो 49 किलोग्राम के वर्ग में स्पर्धाओं के लिए क्वालीफाई हुए हैं।

डीडी स्पोर्ट्स में होगा प्रसारण

टोक्यो पैरालंपिक 2020 का सीधा प्रसारण 24 अगस्त से सुबह 9:00 बजे से डीडी स्पोर्ट चैनल पर किया जाएगा। इसके अलावा इसका सीधा प्रसारण यूरोस्पोर्ट और यूरोस्पोर्ट एचडी पर भी किया जाएगा। साथ ही डिस्कवरी प्लस एप पर भी इसकी स्ट्रीमिंग हो सकती है। प्रसार भारती यूट्यूब चैनल में भी इसका प्रसारण लाइव देखा जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button