उत्तर प्रदेश

यूपी में BJP के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री बनने का रिकॉर्ड बनाएंगे योगी आदित्यनाथ

तीन साल के अपने कार्यकाल में कई रिकॉर्ड बनाने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक और नया रिकॉर्ड बनाने जा रहे हैं।

डिजिटल डेस्क: तीन साल के अपने कार्यकाल में कई रिकॉर्ड बनाने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) एक और नया रिकॉर्ड बनाने जा रहे हैं। वह एक बार में भाजपा सरकार के यूपी में सबसे ज्यादा समय तक मुख्यमंत्री बनने का रिकॉर्ड बनाएंगे। उनकी सरकार के तीन साल इसी 18 मार्च को पूरा होंगे। योगी आदित्यनाथ 19 मार्च 2017 को मुख्यमंत्री बने थे।

यूपी में भाजपा की सरकारों में विभिन्न समय पर चार मुख्यमंत्री(Chief Minister) बन चुके हैं। कल्याण सिंह दो बार मुख्यमंत्री रहे तो राम प्रकाश गुप्त व राजनाथ सिंह एक-एक बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। भाजपा के इन मुख्यमंत्रियों में योगी आदित्यनाथ पहले ऐसे शख्स हैं जो लगातार तीन साल पूरे करने जा रहे हैं। अलबत्ता कल्याण सिंह का दो बार का कार्यकाल जोड़ लें तो जरूर तीन साल से ज्यादा का है लेकिन उनका कोई कार्यकाल एक बार में तीन साल तक नहीं रहा। असल में भाजपा ने पहली बार 1991 में सरकार बनाई थी। उसे लगभग पूर्ण बहुमत ही मिला था लेकिन 2017 में भाजपा को पूर्ण बहुमत ही नहीं इससे बढ़कर प्रचंड बहुमत मिला।

अगर छह दिसंबर की घटना के कारण कल्याण सिंह (Kalyan Singh) सरकार बर्खास्त नहीं हुई होती तो स्वाभाविक तौर पर अपना कार्यकाल पूरा करती। इसके बाद भाजपा की जो सरकार बनी वह दूसरे दलों के समर्थन व गठबंधन से बनी। इस कार्यकाल में सियासत व दलबदल के कई रंग देखने को मिले।

इन्होंने पूरा किया अपना काल

अब दूसरे दलों के मुख्यमंत्रियों का कार्यकाल देंखें। तीन साल का लगातार कार्यकाल पूरा करने का सौभाग्य सुचेता कृपलानी व मुलायम सिंह यादव को मिला। हां, पहली महिला मुख्यमंत्री सुचेता कृपलानी 2 अक्टूबर 1963 से 13 मार्च 1967 तक तीन साल से ज्यादा समय तक मुख्यमंत्री रहीं। खास बात यह यूपी के इतिहास में केवल गोविंद वल्लभ पंत, सम्पूर्णांनंद, मायावती व अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने मुख्यमंत्री के रूप में पांच साल का कार्यकाल पूरा किया। मुलायम सिंह यादव तीन बार मुख्यमंत्री रहे। उन्होंने अपना आखिरी मुख्यमंत्रित्वकाल तीन साल से ज्यादा समय तक पूरा किया।

भाजपा के मुख्यमंत्रियों का कार्यकाल

मुख्यमंत्री: कार्यकाल
कल्याण सिंह (प्रथम कार्यकाल): 24 जून 1991- 6 दिसंबर 92
कल्याण सिंह (दूसरा कार्यकाल): 21 सितंबर 1997 – 12 नवंबर 99
राम प्रकाश गुप्ता: 12 नवंबर 1999- 28 अक्टूबर 2000
राजनाथ सिंह: 28 अक्टूबर 2000- 8 मार्च 2002

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button