चंद्रयान 3 के बाद अब आदित्य एल 1 लॉन्च करने के लिए तैयार इसरो, इस तारीख को होगा लॉन्च
![ISRO ready to send Aditya L1 to the Sun](https://akjnews.com/wp-content/uploads/2023/08/ISRO-ready-to-send-Aditya-L1-to-the-Sun-780x419.jpg)
![ISRO ready to send Aditya L1 to the Sun](https://akjnews.com/wp-content/uploads/2023/08/ISRO-ready-to-send-Aditya-L1-to-the-Sun-780x419.jpg)
डेस्क: चंद्रयान 3 मिशन की सफलता के बाद भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन अगले 14 दिनों के भीतर देश के पहले सूर्य मिशन आदित्य एल1 के प्रक्षेपण की तैयारी कर रहा है। इसकी संभावित लॉन्च तिथि पर अहमदाबाद के स्पेस एप्लिकेशन सेंटर (एसएसी) के निदेशक नीलेश एम देसाई ने शनिवार को कहा कि यह 2 सितंबर को किया जा सकता है।
उन्होंने कहा “सूर्य का अध्ययन करने के लिए हमने एक आदित्य-एल1 मिशन की योजना बनाई है। यह तैयार है और लॉन्च पैड पर तैनात है…संभावना है कि इसे 2 सितंबर को लॉन्च किया जाएगा।”
सूर्य में यान भेजने के लिए तैयार ISRO
इस मिशन का एक प्रमुख उद्देश्य वास्तविक समय में अंतरिक्ष में सौर गतिविधियों के प्रभाव की निगरानी करना है। मिशन के माध्यम से इसरो को कोरोनल हीटिंग, कोरोनल मास इजेक्शन, प्री-फ्लेयर और फ्लेयर गतिविधियों और उनकी विशेषताओं, अंतरिक्ष मौसम की गतिशीलता, कणों और क्षेत्रों के प्रसार आदि की समस्याओं को समझने में मदद मिलने की उम्मीद है।
इसरो ने कहा कि आदित्य एल 1 में प्रकाशमंडल, क्रोमोस्फीयर और सूर्य की सबसे बाहरी परतों का निरीक्षण करने के लिए सात पेलोड होंगे। मिशन को अंजाम देने के लिए मॉड्यूल में इलेक्ट्रो मैग्नेटिक पार्टिकल्स और मैग्नेटिक फिल्ड डिटेक्टर होंगे।