राष्ट्रीय

‘एक सच्चे चैंपियन ने देश को फिर से गौरवान्वित किया’ : नीरज चोपड़ा के लिए बधाइयों का तांता

डेस्क: टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले जीतकर विश्व पटल पर भारत का नाम रोशन करने वाले जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने फिर एक बार अपनी छाप छोड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ा। नीरज ने दोहा डायमंड लीग में 88.67 मीटर के जोरदार थ्रो के साथ गोल्ड जीतकर दोहा डायमंड लीग 2023 का खिताब अपने नाम कर लिया।

उनकी जीत पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर नीरज को बधाई दी। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा “साल का पहला इवेंट और पहला स्थान! 88.67 मीटर की विश्व लीड थ्रो के साथ नीरज चोपड़ा ने दोहा डायमंड लीग में नाम रोशन किया। उन्हें बधाई! आगे के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।”

वहीं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने एक ट्वीट में नीरज को एक सच्चा चैंपियन बताते हुए कहा कि उन्होंने देश को एक बार फिर गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा, “88.67 मीटर के जोरदार थ्रो के साथ नीरज चोपड़ा जीत गए! उन्होंने दोहा डायमंड लीग में अपना दबदबा बनाया। एक सच्चा चैंपियन जिसने देश को फिर से गौरवान्वित किया है। इस शानदार जीत के लिए बधाई नीरज!”

दोहा डायमंड लीग विजेता नीरज चोपड़ा

उन्होंने अपनी थ्रो के साथ सीजन की शानदार शुरुआत की हालांकि वह खुद अपने इस थ्रो से नाखुश थे क्योंकि उनका लक्ष्य 90 मीटर का थ्रो करने का था। उनके थ्रो के बाद साफ दिख रहा था कि चोपड़ा अच्छी शुरुआत करने के बावजूद संतुष्ट नहीं थे। लेकिन अपने पहले प्रयास के बाद से ही वह चार्ट में सबसे आगे चल रहे थे।

Neeraj Chopra won gold in Wanda Diamond League

चोपड़ा का दूसरा थ्रो 86.04 मीटर का था। वहीं टोक्यो ओलंपिक के रजत पदक विजेता जैकब वडलेज्च ने 88.63 मीटर के थ्रो के साथ नीरज चोपड़ा को कड़ी टक्कर दिया। विश्व चैंपियन एंडरसन पीटर्स का सर्वश्रेष्ठ थ्रो 85.88 मीटर रहा ।

नीरज चोपड़ा के पास जैकब वडलेज्च के मुकाबले केवल चार सेंटीमीटर की बढ़त थी। अपने तीसरे प्रयास में नीरज ने 85.47 मीटर की दूरी तक भाला फेंका। अपने पहले प्रयास से दूरी कम होने के बावजूद उन्होंने बढ़त बनाए रखी।

अंत में नीरज ने अपने पहले प्रयास में तय की गई दूरी के बदौलत जीत हासिल की। हालांकि, ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता 90 मीटर के निशान को पार करने से चूक गए। लेकिन उन्होंने आश्वाशन दिया कि आगे वह और भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button