600 करोड़ की संपत्ति दान कर पाया सैकड़ों माँओं का आशीर्वाद, जानिए कौन हैं डॉ. अरविंद गोयल

डेस्क: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के रहने वाले एक समाज सेवी डॉ. अरविंद गोयल ने अपनी 600 करोड़ रुपये की संपत्ति उत्तर प्रदेश सरकार को गरीबों की मदद के लिए दान कर दी।
डॉ. गोयल ने कहा कि वह चाहते हैं कि सरकार इस पैसे को वंचितों के कल्याण के लिए, मुफ्त शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रयोग करें। उन्होंने सोमवार को अपनी संपत्ति दान करने की घोषणा की। डॉ. गोयल ने अब जाकर अपनी संपत्ति दान की जबकि यह फैसला उन्होंने 25 साल पहले ही लिया था।
बताया जा रहा है कि पांच सदस्यीय पैनल गोयल की संपत्ति के सही मूल्य का आकलन करेगा। बता दें कि गोयल शहर के सबसे सफल डॉक्टरों में से एक हैं। वह पिछले 50 वर्षों से चिकित्सक हैं।
कौन हैं अरविंद गोयल?
एक रिपोर्ट के अनुसार, शहर के शीर्ष डॉक्टरों में से एक होने के बावजूद गोयल अपने दोपहिया वाहन से ही यात्रा करते हैं। उन्हें अक्सर अपने पड़ोस में जरूरतमंदों और गरीबों की मदद करते हुए देखा जा सकता है।
मीडिया से बात करते हुए उन्होंने खुलासा किया कि वह मुरादाबाद के सिविल लाइंस में स्थित बंगले को छोड़कर अपनी सारी संपत्ति दान करने वाले हैं। डॉ. गोयल कई वर्षों से धर्मार्थ कार्य कर रहे हैं। महामारी के दौरान, उन्होंने 50 से अधिक गांवों के निवासियों को मुफ्त सुविधाएं प्रदान कीं।
उन्होंने उत्तर प्रदेश में गरीबों के लिए मुफ्त शिक्षा और स्वास्थ्य उपचार की भी पेशकश की है। इसके अलावा, गोयल उत्तर प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र में 100 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों, वृद्धाश्रमों और अस्पतालों की ट्रस्टीशिप रखते हैं।
डॉ. गोयल के परिवार में उनकी पत्नी और तीन बच्चों सहित सभी ने अपनी संपत्ति दान करने के उनके फैसले का समर्थन किया है।
अरविंद गोयल ने क्यों लिया ऐसा फैसला?
गोयल ने एक घटना को याद करते हुए कहा, “दिसंबर का दिन था और मैं यात्रा कर रहा था। जैसे ही मैं ट्रेन में चढ़ा, मैंने देखा कि एक गरीब आदमी ठंड से कांप रहा था। उसके पास खुद को ढकने के लिए न जूते थे और न ही गर्म कपड़े। मैं उसकी पीड़ा अब और नहीं सह सकता था और उसे अपने जूते देन चाहा। ठंड ऐसी थी कि मैं भी इसे लंबे समय तक सहन नहीं कर सका। ”
उनके अनुसार यही वह दिन था जिसने उन्हें उन सैकड़ों लोगों के बारे में सोचने के लिए प्रेरित किया जिन्हें अत्यधिक ठंड के मौसम में तकलीफ सहना पड़ता है।
हो चुके हैं राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित
डॉ. गोयल को चार बार राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। इसमें पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा देवी पाटिल और पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम शामिल हैं। अमिताभ बच्चन और क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर जैसी हस्तियों ने भी उनके काम की सराहना की है।