राजनीति के लिए बिजनेस छोड़नेवाले अमित शाह की अब कितनी है संपत्ति

डेस्क: 22 अक्टूबर 1964 में जन्मे अमित शाह का पूरा नाम अमित अनिल चंद्र शाह है। उनका जन्म मुंबई के एक व्यापारी परिवार में हुआ था। उनका पालन पोषण भी मुंबई में ही हुआ। अमित शाह राजनीति में आने से पहले कई प्रकार के बिजनस किया करते थे। अंत में उन्होंने पूर्ण रूप से राजनीति करने के लिए अपने सभी बिजनस को छोड़ दिया।
बता दें कि आज तक अमित शाह ने एक भी चुनाव नहीं हारा। आज तक जो भी चुनाव अमित शाह ने लड़ा उस पर जीत हासिल की। ऐसा कहा जा सकता है कि हर चुनाव में जीतने का रिकॉर्ड अमित शाह के नाम ही है। अमित शाह का कहना है कि यदि 2010 में फर्जी मामले में कांग्रेस उन्हें जेल नहीं भेजती तो आज वह उस मुकाम पर नहीं होते जहां वह आज हैं।
बायोकेमिस्ट्री से ग्रेजुएट हैं अमित शाह
प्रारंभिक शिक्षा स्थानीय विद्यालय में पूरा करने के बाद बायोकेमिस्ट्री की पढ़ाई के लिए अहमदाबाद आ गए। अहमदाबाद में ही रहकर उन्होंने बायो केमिस्ट्री से बीएससी किया। अपने कॉलेज के दिनों से ही वह राजनीति से जुड़ गए। अपने कॉलेज के समय में वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के सदस्य थे। कॉलेज के दिनों में ही वह वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मिले।
राजनीति के लिए छोड़ा बिजनस
ABVP में सक्रिय रुप से अपना योगदान देने के बाद 1987 में वह भाजपा के सदस्य बने। लेकिन अपने पिता का पाइप का बिजनस संभालने के कारण वह सक्रिय रूप से राजनीति नहीं कर पा रहे थे। अंत में उन्होंने सक्रिय रूप से राजनीति करने के लिए अपना बिजनस छोड़ दिया। साथ ही वह स्टॉक ब्रोकर का काम भी करने लगे।
1997 में अमित शाह गुजरात के सरखेज विधानसभा सीट से उपचुनाव जीतकर वहां के विधायक बने। इसी के साथ उनके राजनीतिक करियर की शुरुआत भी हुई। 1999 में वह अहमदाबाद डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव बैंक के प्रेसिडेंट चुने गए। 2009 में वह गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष बने। 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले नरेंद्र मोदी के अध्यक्ष पद छोड़ने के बाद वह गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष बन गए।
कहे जाते हैं राजनीति के “चाणक्य”
2014 के लोकसभा चुनाव में अमित शाह भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व में रहे। उनके चुनावी सूझबूझ की झलक 2014 के लोकसभा चुनाव के परिणामों में देखने को मिला। उनके संगठनात्मक कौशल और नेतृत्व क्षमता के कारण उन्हें वर्तमान में राजनीति का चाणक्य कहा जाता है। 1 जून 2019 में उन्होंने देश के गृह मंत्री का पद संभाला। उनके कार्यकाल के दौरान देश में कई बड़े बदलाव हुए।
करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं अमित शाह
आमतौर पर एक राजनेता की कमाई उसके पद पर निर्भर करती है इसके अलावा यदि वह अलग से कोई बिजनेस करते हैं तो उस पर भी उनकी आय निर्भर करती है। अमित शाह का मासिक आय लगभग 25 लाख रुपए हैं। इसी के साथ उनकी सालाना आय 3 करोड़ रुपए से अधिक है। बात करें उनके कुल संपत्ति की तो अमित शाह लगभग 40 करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं। उनकी संपत्ति का कुछ हिस्सा उन्होंने स्वयं अर्जित की और कुछ उन्हें विरासत में मिली है।